पिता अनिल ठाकुर और माता रंजना देवी के सुपुत्र, जिला ऊना के दियोली गांव निवासी अभिनंदन ठाकुर ने भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर चयनित होकर अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है। एक साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश की वायुसेना तक पहुंचना उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम माना जा रहा है।
अभिनंदन की इस सफलता को पूरे परिवार के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा गया कि यह उपलब्धि दादी संतोष कुमारी, स्वर्गीय दादा गुरदयाल सिंह, चाचा संजय ठाकुर और छोटे चाचा सुनील ठाकुर सहित पूरे ठाकुर परिवार के लिए अत्यंत सम्मान और खुशी लेकर आई है। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए अभिनंदन को शुभकामनाएं दीं।
शैक्षणिक यात्रा की बात करें तो अभिनंदन ने जवाहर नवोदय विद्यालय पेखू बेला, ऊना से 12वीं तक की पढ़ाई नॉन-मेडिकल संकाय से पूरी की। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री प्राप्त की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने वायु सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य तय कर लिया था।ऑल इंडिया स्तर पर आयोजित लिखित परीक्षा और देहरादून में हुई एसएसबी चयन प्रक्रिया को अभिनंदन ने पहले ही प्रयास में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया। फाइनल मेरिट सूची में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त करना उनकी इस उपलब्धि को और भी विशेष बनाता है।
अभिनंदन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बड़े भाई अंकित ठाकुर, जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया है, जिनके निरंतर सहयोग और प्रेरणा से वे इस मुकाम तक पहुंच सके।12 दिसंबर 2025 को परिणाम घोषित होने के बाद अभिनंदन को 28 दिसंबर 2025 को एयरफोर्स सेंटर, सिकंदराबाद से जॉइनिंग के आदेश प्राप्त हुए हैं। उनका प्रशिक्षण जनवरी 2026 से शुरू होगा।अभिनंदन की इस उपलब्धि से पूरे दियोली गांव में खुशी की लहर है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि ऐसी प्रेरणादायक सफलताएं आने वाली पीढ़ी को बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और देशसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
