Ashwani Bhardwaj / Thu, Nov 30, 2023 / Post views : 44
सड़क सुविधा से वंचित एक गाँव
उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत मलराओं के बोहडवी गांव के 22 परिवार सडक़ सुविधा से वंचित हैं। गांव के लिए बनाई कच्ची सडक़ बरसात में खस्ताहाल हो गई, लेकिन उसकी अभी तक मरम्मत नहीं हुई है। सडक़ पर वाहन ले जाना तो दूर पैदल चलना मुश्किल है। इससे बुजुर्ग, बच्चों और बीमार लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। इसके अलावा ग्रामीणों के वाहन घरों में फंसे हुए हैं।
ग्रामीण मलकीयत सिंह चंदेल, सुभाष सिंह, चमन लाल आदि ने बताया कि साल 2022 में लोक निर्माण विभाग ने गांव के लिए 900 मीटर कच्ची सडक़ बनवाई थी। इस साल बरसात में सडक़ पर कई जगह भूस्खलन हुआ तो कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई। गांव के बच्चों को स्कूल जाने के लिए, बुजुर्ग, बीमार, दिव्यांग लोगों को मुख्य सडक़ तक ले जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि पांच माह वाहन भी गांव में ही फंसे हुए हैं। कुछ दिन पहले झंडूता के अधिशासी अभियंता को मोबाइल से फोटो भेज कर सडक़ मरम्मत कराने का आग्रह भी किया था। इस पर अधिशासी अभियंता ने एसडीओ कलोल को मरम्मत करने के आदेश भी दिए। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी और अधिकारी जेसीबी लेकर मरम्मत करने भीइ पहुंचे, लेकिन एक व्यक्ति ने मरम्मत कार्य को रोक दिया। जबकि उस व्यक्ति का सडक़ से कोई लेना देना नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि सडक़ की मरम्मत की जाए ताकि गांव के 22 परिवारों को राहत मिल सके। उधर, एसडीओ कलोल सचिन नड्डा ने बताया कि सडक़ की जमीन पर ग्रामीणों का आपसी विवाद है। इसके चलते वह सडक़ की मरम्मत नहीं कर पा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन