Ashwani Bhardwaj / Mon, May 11, 2026 / Post views : 1268
ऊना No.1
शिक्षित सोच के साथ मैदान में उतरीं शिखा मनकोटिया, महिलाओं और समाज सेवा को बनाया लक्ष्य
ऊना/गगरेट ब्लॉक की पंचायत चलेट से BDC चुनाव में इस बार एक ऐसा नाम चर्चा में है, जिसने शिक्षा, समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण को अपनी पहचान बनाया है। पीएचडी स्कॉलर एवं योग विशेषज्ञ शिखा मनकोटिया ने पंचायत समिति सदस्य (BDC) पद के लिए नामांकन भरते हुए क्षेत्र के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया।
शिखा मनकोटिया को क्षेत्र में सबसे शिक्षित प्रत्याशियों में माना जा रहा है। योग विषय में पीएचडी, MCA, PG डिप्लोमा सहित कई शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ वे लंबे समय से महिलाओं के स्वास्थ्य, योग और गर्भ संस्कार जैसे विषयों पर कार्य कर रही हैं।
नामांकन के दौरान क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने कहा कि आज पंचायत राजनीति में पढ़े-लिखे और जागरूक प्रतिनिधियों की जरूरत है, ताकि गांवों का विकास योजनाबद्ध तरीके से हो सके।
शिखा मनकोटिया ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, युवाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार करना और क्षेत्र में शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो गांव की हर समस्या को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में महिलाओं के लिए स्वरोजगार, गरीब परिवारों को योजनाओं का लाभ, युवाओं के लिए योग एवं कौशल कार्यक्रम, और क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।
क्षेत्र में उनकी उम्मीदवारी को लेकर खास चर्चा इसलिए भी है क्योंकि वे शिक्षा और समाज सेवा दोनों क्षेत्रों में सक्रिय रही हैं। लोगों का मानना है कि पंचायत स्तर पर ऐसे प्रतिनिधि नई सोच और नई दिशा दे सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन