Ashwani Bhardwaj / Thu, Sep 10, 2026 / Post views : 12
ऊना। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने पत्रकारवार्ता में बताया कि अंब शहर के वार्ड नंबर 8 स्थित एक मकान पर छापा मारकर 17.68 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। इस मामले में निशांत कुमार, उनकी मां रंजना देवी और विशाल को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी हिरेमठ के अनुसार एक अन्य मामले में ऊना उपमंडल में चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों के पास से 37.92 ग्राम हेरोइन मिली। गिरफ्तार युवकों की पहचान वंश और साहिल के रूप में हुई है, जो होशियारपुर निवासी बताए गए हैं। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि पिछले एक सप्ताह में छह अलग-अलग मामलों में कुल 87.77 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है और नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकांश मामलों में बरामदगी पांच ग्राम से अधिक बताई गई है। एसपी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों के आगे-पीछे के लिंक तलाशे जा रहे हैं ताकि सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।
नशा मुक्त ऊना अभियान के तहत जिले में नियमित नाकेबंदी और खुफिया सूचना के आधार पर छापेमारी जारी है। ऊना नंबर 1 इस अभियान की साप्ताहिक बरामदगी का हिसाब पाठकों तक पहुंचाता रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन